Spread the love

देवभूमि जन हुंकार, हल्द्वानी: नैनीताल जनपद के हल्द्वानी स्थित मुखानी कोतवाली क्षेत्र के पनियाली इलाके से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। पत्नी के मायके से वापस न लौटने से नाराज और क्षुब्ध होकर 37 वर्षीय युवक ने घर के टिन शेड में दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक पेशे से प्लंबर था और तीन मासूम बच्चों का पिता था। इस आत्मघाती कदम के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मूल रूप से उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के बहादुरगंज निवासी सर्वेश कुमार (उम्र 37 वर्ष) पुत्र अनोखे लाल पिछले कई वर्षों से हल्द्वानी के पनियाली क्षेत्र में अपना निजी मकान बनाकर परिवार सहित रह रहे थे। सर्वेश प्लंबर का कार्य करते थे और इसी मेहनत-मजदूरी से अपने तीन बच्चों व परिवार का भरण-पोषण करते थे। इन दिनों उनकी पत्नी अपनी छोटी बेटी के साथ मायके गई हुई थी।

यह भी पढ़ें 👉BREAKING: नैनीताल-रामनगर में पुलिस व बदमाश के बीच जबरदस्त मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में 15 मुकदमों वाले वांटेड चंदन सागर के पैर में लगी गोली

परिजनों के मुताबिक, बृहस्पतिवार रात सर्वेश की अपनी पत्नी से फोन पर किसी बात को लेकर तीखी कहासुनी हो गई। बताया जा रहा है कि पत्नी के काफी समय से मायके से वापस न आने को लेकर वह काफी परेशान और तनाव में चल रहे थे।

पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के बड़े भाई जयप्रकाश ने बताया कि सर्वेश चार भाइयों में सबसे छोटे थे और परिवार के सभी सदस्यों के बेहद प्रिय थे। करीब 13 वर्ष पूर्व उन्होंने खटीमा निवासी युवती से प्रेम विवाह किया था। जयप्रकाश के अनुसार, घटना से पहले सर्वेश ने अपने एक कारोबारी मित्र के सामने फोन पर पत्नी से कहा था कि— “यदि वह उसी दिन मायके से वापस नहीं आई तो वह उसका मरा हुआ मुंह देखेगी।”

बातचीत समाप्त होने के कुछ देर बाद सर्वेश ने घर के टिन शेड में दुपट्टे से फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

यह भी पढ़ें 👉 भाजपा की तिरंगा यात्रा में अचानक मधुमक्खियों का हमला, 12 से ज्यादा कार्यकर्ता घायल, देवास व उज्जैन रेफर

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन आनन-फानन में सर्वेश को फंदे से नीचे उतारकर उपचार के लिए डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने यह भी खुलासा किया कि सर्वेश इससे पहले भी इसी वर्ष होलिका दहन की रात आत्महत्या का प्रयास कर चुके थे। उस समय भी उन्होंने घर में फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की थी, लेकिन परिजनों की सतर्कता से उन्हें बचा लिया गया था।

यह भी पढ़ें 👉शिकायत होते ही दूल्हे ने रातों-रात मायके पहुंचाई दुल्हन! जानिए हल्द्वानी के इस सनसनीखेज बाल विवाह की पूरी कहानी

हल्द्वानी के एसपी सिटी मनोज कत्याल ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया:

“मुखानी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पनियाली में युवक द्वारा फंदा लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया और तत्पश्चात शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। फिलहाल मामले में परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं और कॉल डिटेल की जांच कर रही है।”


Spread the love