देवभूमि जन हुंकार, चमोली/बद्रीनाथ (10 अगस्त 2026): चमोली जनपद स्थित सुप्रसिद्ध धाम श्री बद्रीनाथ में कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के दौरान सुरक्षा एजेंसियों के बीच गंभीर टकराव की घटना सामने आई है। कांवड़ यात्रा और तीर्थयात्रियों की भारी आवाजाही के बीच यातायात ड्यूटी संभाल रहे होमगार्ड जवान से बदसलूकी और हाथापाई के आरोप में पुलिस ने सेना के मेजर अनमोल प्रीत सिंह समेत 10 से 15 अन्य सैन्यकर्मियों के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज कर लिया है।
8 अगस्त को कांवड़ व ट्रैफिक ड्यूटी के दौरान भड़का विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना बीती 8 अगस्त 2026 की है। बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के सुगम आवागमन को बनाए रखने के लिए होमगार्ड जवान दिनेश वाहनों का संचालन सुचारु कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर सेना के मेजर अनमोल प्रीत सिंह से उनकी कहासुनी हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सैन्यकर्मियों द्वारा होमगार्ड जवान के साथ मारपीट की गई। घटना की सूचना मिलते ही जब स्थानीय पुलिस कर्मी बीच-बचाव के लिए पहुंचे, तो वहां पुलिस बल और सैन्यकर्मियों के बीच भी तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हो गई। आरोप यह भी लगाया गया है कि कुछ अन्य जवानों ने मौके पर पहुंचकर होमगार्ड को अपने वाहन में जबरन बैठाकर ले जाने का प्रयास किया।
Constable की शिकायत पर FIR No. 11/2026 दर्ज
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस कांस्टेबल 58 एपी विजय सिंह की ओर से लिखित शिकायत दी गई। इसके आधार पर थाना श्री बद्रीनाथ में मुकदमा संख्या 11/2026 पंजीकृत किया गया। पुलिस ने मेजर अनमोल प्रीत सिंह तथा 10 से 15 अज्ञात जवानों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की 9 गंभीर धाराओं— 115(2), 121(1), 127(2), 132, 140(3), 191(2), 191(3), 351(2) और 352 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया है।
निष्पक्षता से होगी जांच — डीएसपी मदन सिंह बिष्ट
मामले पर आधिकारिक जानकारी देते हुए पुलिस उपाधीक्षक (DSP) मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि प्राप्त लिखित शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी जांच प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सेना की ओर से अभी तक इस प्रकरण में कोई लिखित शिकायत या क्रास-तहरीर प्रस्तुत नहीं की गई है। पुलिस प्रशासन निष्पक्षता के साथ घटना के साक्ष्यों की पड़ताल कर रहा है, जिसके बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- 👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
- 👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
- 👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें

