अगस्त क्रांति दिवस पर जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को झटका। पूर्व दर्जा मंत्री दिनेश कुंजवाल यूकेडी में शामिल हुए। काशी सिंह ऐरी ने 2027 में सरकार बनाने का दावा किया।

देवभूमि जन हुंकार, अल्मोड़ा/जैंती (10 अगस्त 2026): उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों की आहट के बीच पर्वतीय अंचल अल्मोड़ा के जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में एक बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला है। कांग्रेस पार्टी को एक बड़ा राजनीतिक झटका देते हुए पूर्व दर्जा मंत्री दिनेश सिंह कुंजवाल ने कांग्रेस का हाथ छोड़कर क्षेत्रीय दल उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) की सदस्यता ग्रहण कर ली है। जैंती में आयोजित एक विशाल जनसभा और कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों और समर्थकों की मौजूदगी में उन्होंने उक्रांद का दामन थामा।
गोविंद सिंह कुंजवाल के भतीजे हैं दिनेश, कांग्रेस में निभा चुके हैं अहम पद
उक्रांद में शामिल हुए दिनेश सिंह कुंजवाल पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और पांच बार विधायक रहे वरिष्ठ नेता गोविंद सिंह कुंजवाल के भतीजे हैं। दिनेश कुंजवाल की गिनती क्षेत्र के प्रमुख नेताओं में होती है। वे वर्ष 2002 से 2007 तक कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता रहे हैं। इसके अलावा तत्कालीन पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के कार्यकाल में उन्हें दर्जा मंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी।
“उत्तराखंड को बचाने के लिए पहली बार सही मंच पर पहुंचा हूं” — दिनेश कुंजवाल
उक्रांद की सदस्यता ग्रहण करने के उपरांत जनसभा को संबोधित करते हुए दिनेश सिंह कुंजवाल ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आज बेरोजगारी, विकराल पलायन और बदहाल मूलभूत सुविधाओं जैसी अत्यंत गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि पहाड़ के जल, जंगल और प्राकृतिक संसाधनों के बेधड़क दोहन के बीच आम जनता खुद को पूरी तरह असहाय महसूस कर रही है।
कुंजवाल ने भावुक होकर कहा, “आज सवाल उत्तराखंड के अस्तित्व को बचाने का है और मुझे लगता है कि मैं अपनी राजनीतिक यात्रा में पहली बार बिल्कुल सही मंच पर पहुंचा हूं।” इसके साथ ही उन्होंने पर्वतीय राज्य की मूल अवधारणा को पूरा करने के लिए गैरसैंण को अविलंब स्थायी राजधानी बनाने की पुरजोर वकालत की।
“राष्ट्रीय दलों ने जल, जंगल और जमीन का किया दोहन” — काशी सिंह ऐरी
इस अवसर पर उक्रांद के संस्थापक सदस्य काशी सिंह ऐरी ने राष्ट्रीय दलों (भाजपा व कांग्रेस) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस बार पूरे प्रदेश में उक्रांद के पक्ष में एक सकारात्मक बदलाव का माहौल स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। ऐरी ने सीधा आरोप लगाया कि राष्ट्रीय दलों ने बारी-बारी से सत्ता में रहकर उत्तराखंड के जल, जंगल और जमीन का केवल दोहन किया है, लेकिन अब प्रदेश की जनता इस छलावे को समझ चुकी है और बदलाव के लिए पूरी तरह तैयार है।

वहीं उक्रांद के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने कहा कि पहाड़ की जनता अब वास्तविक और बुनियादी बदलाव चाहती है। युवा उक्रांद नेता आशुतोष नेगी ने भाजपा और कांग्रेस दोनों पर एक साथ हमला बोलते हुए कहा कि उत्तराखंड के अस्तित्व और अस्मिता की रक्षा के लिए दोनों राष्ट्रीय दलों को प्रदेश की सत्ता से बाहर करने का सही समय आ गया है।
इस कार्यक्रम में डॉ. नारायण सिंह जंतवाल, पुष्पेश त्रिपाठी, आशुतोष नेगी, चंद्रशेखर कापड़ी,खड़क सिंह बगड़वाल, भुवन चंद्र जोशी,कुंदन बिष्ट, बहादुर सिंह रावत,सुशील उनियाल, गिरीश नाथ गोस्वामी, जिलाध्यक्ष दिनेश जोशी, पान सिंह लटवाल, रघुवीर भाकुनी और दीपा जोशी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
- 👉 देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
- 👉 फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
- 👉 यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें


