Haldwani Mandi Chowki Highway Representing Protest And Traffic Jam Over Student Road Accident Death
Spread the love

देवभूमि जन हुंकार, हल्द्वानी (नैनीताल): उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर से एक बेहद दुखद और आक्रोशित करने वाली खबर सामने आ रही है। हल्द्वानी के बरेली रोड पर बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से ऑटो रिक्शा पलट गया, जिससे उसमें सवार 22 वर्षीय बीकॉम छात्रा मीनाक्षी साहू की गंभीर रूप से घायल होने के बाद अस्पताल में मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस द्वारा समय पर प्राथमिकी (FIR) दर्ज न किए जाने से भड़के परिजनों ने बृहस्पतिवार दोपहर मंडी चौकी के ठीक सामने हाईवे पर छात्रा का शव रखकर जोरदार जाम लगा दिया, जिससे कुछ देर के लिए यातायात ठप हो गया।

यह भी पढ़ें 👉 उत्तराखंड में 2027 चुनाव से पहले भारत निर्वाचन आयोग का बड़ा एक्शन: चुनावी खर्च का ब्योरा न देने वाले 4 पूर्व विधानसभा उम्मीदवार 3 साल के लिए अयोग्य घोषित

प्राप्त विवरण के अनुसार, तीनपानी डी-ब्लॉक निवासी संतोष कुमार साहू की 22 वर्षीय पुत्री मीनाक्षी साहू बीकॉम अंतिम वर्ष की छात्रा थीं। पढ़ाई के साथ-साथ वह मंगलपड़ाव स्थित एक पार्लर से ब्यूटीशियन का कोर्स भी सीख रही थीं।

बुधवार रात वह ऑटो रिक्शा से पार्लर से अपना कोर्स पूरा कर घर लौट रही थीं। जब ऑटो बरेली रोड पर नागपाल टावर के पास पहुंचा, तो पीछे से आ रही एक अज्ञात तेज रफ्तार कार ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद चालक कार सहित मौके से फरार हो गया। टक्कर लगने से ऑटो रिक्शा पलट गया और मीनाक्षी सड़क पर जा गिरीं। इसके तुरंत बाद पीछे से आ रहे एक अन्य ऑटो के नीचे दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। हालांकि दूसरे ऑटो चालक ने तुरंत ब्रेक लगाए, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मौके पर मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के जरिए परिवार वालों को इस हादसे की सूचना मिली।

यह भी पढ़ें 👉 ‘पहले प्रेमी की मौत, फिर कोठी के कमरे में मिली प्रेमिका!’ जानिए हल्द्वानी के इस सनसनीखेज और दर्दनाक मामले का पूरा सच

बृहस्पतिवार दोपहर करीब 1:30 बजे पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव परिजनों को सौंपा गया, उनका गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों का कहना था कि उन्होंने बुधवार देर रात करीब एक बजे ही मंडी चौकी में लिखित तहरीर दे दी थी और सुबह के वक्त घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी निकलवाकर पुलिस को दे दी थी। इसके बावजूद पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया।

आरोपी कार चालक की गिरफ्तारी और पुलिस की कार्यप्रणाली से नाराज होकर परिजनों व स्थानीय लोगों ने मंडी चौकी के सामने ही हाईवे पर छात्रा का शव रखकर जाम लगा दिया और जमकर नारेबाजी व हंगामा किया। देखते ही देखते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

यह भी पढ़ें 👉Roorkee Crime News: रुड़की में ठेका कारोबारी अमन हत्याकांड के आरोपियों से पुलिस की सीधी मुठभेड़; जवाबी फायरिंग में 1 शूटर घायल, कांबिंग के बाद फरार दोनों साथी भी गिरफ्तार

हंगामे की सूचना मिलते ही चौकी पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांग पर अड़े रहे। कुछ ही देर में कोतवाल विजय मेहता मौके पर पहुंचे, जिनके साथ परिजनों की तीखी बहस और नोकझोक हुई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कुछ ही देर में एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र और सीओ सिटी अमित कुमार सैनी भी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने परिजनों को पूरी संवेदनशीलता के साथ समझाया और आश्वासन दिया कि जांच में सामने आए नए तथ्यों (घटना में कार की टक्कर के साथ सड़क के बड़े गड्ढे की बात भी सामने आई है) को शामिल करते हुए नए सिरे से तहरीर ली जाएगी। अधिकारियों के कड़े आश्वासन के बाद परिजनों ने जाम समाप्त किया और शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर गए।

इस अकलुति दुर्घटना के बाद मृतका के घर में रक्षाबंधन के त्योहार से ठीक पहले मातम पसर गया है, क्योंकि हर रोज रात को भाई शुभम अपनी बहन को तीनपानी पर लेने जाता था, लेकिन इस बार उसे बहन की मौत की खबर मिली।


Spread the love