
देवभूमि जन हुंकार, देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के पॉश इलाके डालनवाला थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मोहनी रोड पर घरेलू कलह और मामूली कहासुनी के बाद एक पति ने धारदार हथियार से वार कर अपनी ही पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम तत्काल मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।
प्राप्त विवरण के अनुसार, मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले का रहने वाला रामजी लाल काम की तलाश में करीब तीन महीने पहले देहरादून आया था। वह अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ डालनवाला कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मोहनी रोड पर एक मकान में रहता था। रामजी लाल और उसकी पत्नी दोनों ही मजदूरी और राजमिस्त्री का काम करते थे। परिवार इस मकान में महज 10 दिन पहले ही किराए पर रहने आया था।
घटना बुधवार सुबह की है। बताया जा रहा है कि पति रामजी लाल सुबह काम पर नहीं जा रहा था, जिस पर पत्नी ने उसे काम के लिए जाने की बात कही। इसी मामूली सी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि नशे में धुत आरोपी रामजी लाल ने गुस्से में आकर कमरे के पास रखा धारदार पाटल उठा लिया और पत्नी के गले पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। इस हमले में महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया था। आसपास के लोगों ने जब घर के अंदर खून से लथपथ शव देखा, तो तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दी।
जानकारी मिलते ही डालनवाला पुलिस महकमा और फोरेंसिक टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है।
मृतका की बहन सोनू पाल ने पुलिस को जानकारी दी कि दोनों पति-पत्नी के बीच सामान्यतः पहले किसी बड़े तनाव या मारपीट की कोई बात सामने नहीं आई थी, और न ही मृतका ने कभी पति द्वारा प्रताड़ित किए जाने की शिकायत की थी। हालांकि, आरोपी रामजी लाल नशे का आदी जरूर था। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त भी सुबह उसने अत्यधिक नशा किया हुआ था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि पुलिस इस पूरी घटना की हर एंगल से गहनता से जांच कर रही है। हत्या के पीछे की असल वजह और पारिवारिक पृष्ठभूमि की जानकारी जुटाई जा रही है।
आरोपी पति रामजी लाल को पुलिस ने अपनी गिरफ्त में ले लिया है और उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतका की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की कठोर विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
देवभूमि जन हुंकार व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें
फेसबुक पर जुड़ने हेतु पेज़ को लाइक करें
यूट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करें




